इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय बल तैनात कर दिए गए है
जलपाईगुड़ी। जिले के राजगंज ब्लॉक के टाकीमारी में तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालय में आग लगने की घटना घटी है। सत्ता पक्ष ने भाजपा पर आग लगाने का आरोप लगाया है। हालांकि, भाजपा ने आरोपों से इनकार किया है।
बताया जा रहा है कि मंतादारी ग्राम पंचायत के टाकीमारी बाजार स्थित तृणमूल कांग्रेस के स्थायी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार सुबह आग लगने की खबर स्थानीय लोगों ने पार्टी नेताओं को दी। सूचना पर पार्टी नेता मौके पर पहुंचे और कार्यालय को खोला। आग लगने से पार्टी के झंडे, बैनर, कागजात और कुछ फर्नीचर पूरी तरह जल गये। घटना की खबर पाकर राजगंज के विधायक खगेश्वर राय भी मौके पर पहुंचे। स्थानीय तृणमूल नेता हरिपद राय ने कहा कि भाजपा ने इलाके में अशांति फैलाने के लिए यह आग लगाई है। पार्टी नेतृत्व से चर्चा कर प्रशासनिक कदम उठाये जायेंगे।
वहीं, भाजपा के राजगंज ब्लॉक के अध्यक्ष निताई मंडल ने कहा कि टाकीमारी में तृणमूल के पार्टी कार्यालय में आग लगने की घटना में भाजपा का कोई हाथ नहीं है। सत्ताधारी दल भाजपा कार्यकर्ताओं को फंसाने की साजिश रच रहा है। घटना के बाद सूचना पर एनजेपी थाने और मिलनपल्ली चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय बल तैनात कर दिए गए है।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि